सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रजमिलान न्याय पंचायत जरहां स्थित प्राथमिक विद्यालय बिछियारी में वित्तीय अनियमितता तथा मध्याह्न भोजन खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी को लेकर ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका द्वारा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर विगत दो वर्षों से समिति का धन निकाला जा रहा है। आरोप है कि न तो एसएमसी की नियमित बैठकें होती हैं और न ही विद्यालय विकास की कोई कार्य योजना बनाई जाती है। इसके अतिरिक्त प्रभारी प्रधानाध्यापिका महीने में केवल दो-चार दिन ही उपस्थित होने तथा विद्यालय का खाद्यान्न ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर रसोइयों को विद्यालय से हटाने की धमकी देने की बात भी पत्र में कही गई है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कंपोजिट विद्यालय महुली के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा संबंधित प्रभारी को संरक्षण दिया जा रहा है। पूर्व में भी खाद्यान्न ले जाते समय पकड़े जाने का मामला सामने आने के बावजूद कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। शिकायतकर्ताओं ने किसी अन्य निष्पक्ष विभाग से पूरे मामले की जांच कराकर दोषी शिक्षकों और अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, महानिदेशक बेसिक शिक्षा, अपर शिक्षा निदेशक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र को भी भेजी गई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









