सोनभद्र (बीजपुर) एनटीपीसी रिहंद में आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के तहत गुरुवार को एनटीपीसी प्रबंधन एवं सीआईएसएफ रिहंद इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। स्वागत गेट से गैरेज तक निकाली गई रैली में सीआईएसएफ जवानों एनटीपीसी कर्मियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। स्वागत गेट के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमे सीआईएसएफ जवानो ने श्रमदान किया ।इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीजपुर विश्राम सागर गुप्ता ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ वातावरण के लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास नियमित साफ-सफाई रखने और सार्वजनिक स्थानों को गंदगी से मुक्त रखने की अपील की। अभियान में जवानों एवं एनटीपीसी कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा। इस दौरान स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ रिहंद इकाई के सहायक समादेष्टा (फायर) आलोक कुमार चौधरी, निरीक्षक केके सिंह, पीके गोराईं, एमपी यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता सहित सीआईएसएफ जवान एवं एनटीपीसी कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना से ही कार्यस्थल, आवासीय परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। अभियान के माध्यम से स्वच्छ परिसर, स्वस्थ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









