सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जनपद में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय प्रथम अंतरविभागीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों की जानकारी दी। जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों, प्रशिक्षण एवं माइक्रोप्लान के संबंध में जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को संचारी रोगों से बचाव, हाथ धोने के सही तरीके, पूरी बांह की यूनिफार्म पहनने तथा बुखार होने पर क्या करें-क्या न करें आदि के प्रति जागरूक किया जाए। प्रत्येक विद्यालय में हैंडवॉश की व्यवस्था कराने तथा पंपलेट वितरित कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए। नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को नालियों की सफाई, जल निकासी एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर एंटी लार्वल छिड़काव और फॉगिंग कराने तथा उसकी फोटो संचारी व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने के निर्देश दिए गए। चुर्क स्थित सोन पंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने को भी कहा गया। ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एंटी लार्वल, फॉगिंग, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई माइक्रोप्लान के अनुसार कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन एवं कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने को कहा गया। साथ ही घूमंतू गोवंश को तत्काल गो-आश्रय स्थलों में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को 26 सितंबर तक माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन शाम चार बजे तक अपनी रिपोर्ट जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन तथा सूचना विभाग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









