– तीन तरफ पानी से घिरे है ग्रामीण,मूलभूत सुविधाओं का आभाव
सोनभद्र (दुद्धी) कनहर सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुंदरी के करिवालेवा और पहाड़ टोला की स्थिति का एवं नदी के तटीय क्षेत्रों का मंगलवार को उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता ने स्थलीय निरीक्षण किया। सेपरियोजना निर्माण के बाद दोनों टोले तीन तरफ से पानी से घिर गए हैं। इससे ग्रामीणों का उत्तर प्रदेश की ओर से आवागमन का रास्ता कट गया है। अब ग्रामीण छत्तीसगढ़ के रास्ते होकर ब्लॉक और तहसील मुख्यालय तक पहुंचते हैं।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विश्वनाथ खरवार, राकेश खरवार,देव प्रकाश यादव, हीरा गगवा ,ईश्वरी कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि टोले में बिजली, पानी और सड़क की गंभीर समस्या बनी हुई है। करीब 110 राशन कार्डधारकों को राशन लेने के लिए लगभग 60 किलोमीटर की दूरी तय कर अमवार पुनर्वास कॉलोनी जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि टोले में करीब 50 विद्युत कनेक्शन हैं, लेकिन विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है।
ग्रामीणों की वास्तविक स्थिति और आवागमन की कठिनाइयों को समझने के लिए एसडीएम ने मोटरसाइकिल से पथरीले और दुर्गम रास्ते का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। एसडीएम अशोक गुप्ता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कराने के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल अरुण कन्नौजिया साथ रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









