सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकासखंड राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने करीब 45 मिनट तक स्वयं श्रमदान कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया। अभियान में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान किया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास से करीब 1000 किलोग्राम प्लास्टिक व सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया। एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को बेचकर 2500 रुपये प्राप्त हुए। जिलाधिकारी की पहल पर इस धनराशि को मंदिर के रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही दान कर दिया गया। स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है। प्रशासन और आमजन की सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण संभव होगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









