सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सोनभद्र की चारों विधानसभा क्षेत्रों में नाट्य मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान के क्रम में 20 सितंबर से घोरावल विधानसभा क्षेत्र के केकराही, करमा और मधुपुर में नाट्य मंचन शुरू हुआ। घोरावल विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम 23 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद राबर्ट्सगंज विधानसभा में 24 से 27 सितंबर, ओबरा विधानसभा में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तथा दुद्धी विधानसभा में 2 से 5 अक्टूबर तक नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, नाटक में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सार्वजनिक भूमिका तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को नाट्य रूप में दर्शाने की योजना है। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा और जनकल्याण से जुड़े संदेश को विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रसंगों को अभिनय और संवाद के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष शम्भू नारायण सिंह, महेश्वर चन्द्रवंशी, जिला मंत्री प्रसन्न पटेल, अनिल सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









