सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाने, स्क्रैप बेचने और ट्रक को कटवाने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, ट्रक के कटे हुए कल-पुर्जे व अवशेष, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। 9 सितंबर को बरगवां, सिंगरौली से 24 टन 900 किलोग्राम स्क्रैप आयरन ट्रक संख्या UP62T9881 से महामाया स्पात कंपनी, चुनार भेजा गया था। 10 सितंबर को चालक से संपर्क करने पर उसने बताया कि लोढ़ी टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 5:10 बजे अज्ञात वाहन स्वामी ने उसे ट्रक से उतारकर 500 रुपये देकर वाराणसी भेज दिया। इसके बाद स्क्रैप लदे ट्रक का पता नहीं चला। मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीडीआर/एसडीआर, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मार्ग की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि नीरज यादव और उमाकांत यादव ने कथित रूप से योजना बनाकर ट्रक को कब्जे में लिया और मिर्जापुर ले जाकर उसमें लदा स्क्रैप बेचने के बाद ट्रक को कबाड़ गोदाम में कटवा दिया। 19 सितंबर को पुलिस टीम ने मिर्जापुर में पीएसी 39वीं वाहिनी गेट नंबर-2 के सामने स्थित कबाड़ गोदाम पर दबिश देकर धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक भरत लाल के कब्जे से चार लाख, धीरज यादव से 50 हजार और आकाश गुप्ता से 50 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मौके से ट्रक के कटे हुए हिस्से और अवशेष बरामद किए, जिनकी वाहन स्वामी ने पहचान की। मामले में विवेचना के आधार पर बीएनएस की धाराओं 317(2), 317(5) एवं 61(2)(क) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज यादव (33) निवासी घमहापुर, थाना विंध्याचल, मिर्जापुर, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू (50) निवासी सेमरा बैसुखिया, थाना कोतवाली देहात, मिर्जापुर तथा आकाश गुप्ता (24) निवासी रेवड़ा परसपुर, थाना कोतवाली भदोही शामिल हैं। बरामद चार मोबाइल फोन को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मामले में नीरज यादव और उमाकांत यादव समेत अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। कार्रवाई एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा और प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
Author: Pramod Gupta
Hello









