सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त छह पहिया EICHER PRO 1075 वाहन, दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है। क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में 13 सितंबर 2026 को रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम होटल डीआर ड्रीम, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा, ग्राम गेंगुआर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिन्दुआरी तिराहा से पहले पुल के पास एक छह पहिया EICHER वाहन खड़ा है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपियों ने वाहन से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें टीम ने करीब 20:40 बजे पुल की रेलिंग के पास पकड़ लिया। उनकी पहचान बिरेस पुत्र होराम (45), निवासी ग्राम अद्दरमई, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं तथा गोविन्द पुत्र सुरेन्द्र (25), निवासी ग्राम मियारी, पोस्ट अभिबाँव, थाना ओसांवा, जनपद बदायूं के रूप में हुई।
वाहन में बना था गुप्त केबिन
तलाशी के दौरान वाहन के मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर बनाया गया विशेष गुप्त केबिन मिला। केबिन के अंदर सात बोरों में कुल 220 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक गांजा ओडिशा से सोनभद्र होते हुए दिल्ली ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के कुछ लोगों के संपर्क में थे और उनके लिए गांजा लाने का काम करते थे। गांजा खरीदने के लिए दिल्ली से पैसा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद वे ओडिशा के सुंदरगढ़/कालाहांडी क्षेत्र में पहुंचे, जहां कालाहांडी निवासी एक व्यक्ति के माध्यम से गांजा वाहन में लोड कराया गया। इसे वाहन में बनाए गए गुप्त केबिन में छिपाकर दिल्ली ले जाया जा रहा था। तस्करी से जुड़े लोग मोबाइल फोन के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ओडिशा-सोनभद्र-दिल्ली अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मु0अ0सं0 763/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









