September 15, 2026 3:28 am

संत अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि पर निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में शनिवार को विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राष्ट्र संत अवेद्यनाथ महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं श्रीकृष्ण विजय रथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व धर्माचार्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम पाठक एवं प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने किया, जबकि जिला महामंत्री एवं शोभायात्रा प्रभारी कृष्णकांत द्विवेदी ने व्यवस्थाओं की देखरेख की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महामंडलेश्वर सरितानंद गिरी, निरंजनी अखाड़ा तथा मुख्य अतिथि सुमन सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष मातृशक्ति, विश्व हिंदू महासंघ मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दंडइत बाबा मंदिर परिसर में संत अवेद्यनाथ महाराज की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण एवं आशीर्वाद लेकर किया गया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं ने 21 कलश लेकर सहभागिता की, जबकि सैकड़ों महिलाएं और पुरुष विजय पताका लेकर चल रहे थे। विभिन्न झांकियों में बच्चों ने भगवान के स्वरूप में सजकर लोगों का आकर्षण बढ़ाया। शोभायात्रा दंडइत बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर महिला थाना, गुरुद्वारा रोड, शीतला मंदिर, मेन चौक, न्यू मार्केट और स्वर्ण जयंती चौक होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। इस दौरान “कृष्ण लला हम लाएंगे, मथुरा मुक्त कराएंगे” और “कन्हैया और नंदी कब तक रहेंगे बंदी” जैसे नारों से नगर का वातावरण गूंज उठा। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि शोभायात्रा के समापन पर रामलीला मैदान स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में कलश स्थापित किए गए। इसके बाद आचार्य की उपस्थिति में मुख्य अतिथियों, संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गायत्री हवन किया। तत्पश्चात समरसता भोज का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में किन्नर समाज ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में जिलाध्यक्ष विजय यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथि महामंडलेश्वर सरितानंद गिरी ने कहा कि विश्व हिंदू महासंघ की ओर से निकाली गई यह शोभायात्रा भव्य एवं सराहनीय है। सनातन धर्म के प्रति जागरूकता और समाज को एकजुट करने के लिए समय-समय पर ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। मुख्य अतिथि सुमन सिंह पटेल ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्र संत अवेद्यनाथ महाराज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू महासंघ के बैनर तले मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ अभियान का आगाज किया गया है। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह पटेल, प्रेमनाथ भारती, आशीष सिंह पटेल, सर्वेश धर दुबे, नंदकेश्वर सिंह खरवार, विशाल श्रीवास्तव, राजेश वर्मा, अमित तिवारी, ओमप्रकाश शर्मा, राजू मिश्रा, आशीष मिश्रा, विनय दुबे, सुजीत, दिनेश, विनोद, देवराज खरवार, किरण, रिंकी, सुगना, सुरतिया, संतोषी, आशा, कीर्ति, मुनिया, मुन्नी, संतोष घसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!