सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त)जरहां न्याय पंचायत और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल स्थिति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।नेमना, चेतवां,जरहां, सेवकाडाड़ बीजपुर सहित कई गांवों में जियो और एयरटेल जैसी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों की कनेक्टिविटी या तो बेहद कमजोर है या पूरी तरह गायब रहती है। महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सामान्य कॉलिंग और इंटरनेट तक के लिए तरसना पड़ रहा है।लाइव टेस्ट में खुली दावों की पोल जरहां अजीरेश्वर धाम मंदिर के पास किए गए लाइव नेटवर्क टेस्ट में कंपनियों के बेहतर सेवा के दावों की पोल खुल गई।फोन स्क्रीन पर महज एक-दो सिग्नल दिखे लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी।डेटा सेवा पूरी तरह ठप रही और इंटरनेट ब्राउजिंग तक संभव नहीं हो पायी है।नेटवर्क न मिलने से क्षेत्र में रोजमर्रा के जरूरी कामकाज बुरी तरह प्रभावित हैं
ऑनलाइन भुगतान,यूपीआई और बैंक संबंधी कार्य पूरी तरह अटक गए हैं।छात्र ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं और युवाओं के नौकरी संबंधी आवेदन छूट रहे हैं।स्वास्थ्य या अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस या परिजनों से तुरंत संपर्क साधना नामुमकिन हो जाता है।एक जरूरी कॉल करने या ओटीपी पाने के लिए ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद टेलीकॉम कंपनियां इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही हैं।स्थानीय निवासियों ने कंपनियों के उच्चाधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि पूरे जरहा न्याय पंचायत क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराकर नए मोबाइल टावर लगाए जाएं ताकि वर्षों पुरानी इस कनेक्टिविटी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।









