– 66.44 किमी मार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण को वित्तीय स्वीकृति की संस्तुति, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
सोनभद्र। आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र को पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकालकर विकसित और सुव्यवस्थित जनपद बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार तेजी से कदम उठा रही है। जिले में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार होने के बाद बड़े उद्योगों ने निवेश की शुरुआत की है। अब उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद की करीब 66.44 किलोमीटर लंबी चार सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित 166.92 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को व्यय वित्त समिति की बैठक में वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट जारी किए जाने की संस्तुति की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि चार राज्यों की सीमा से जुड़े सोनभद्र में इन सड़कों के निर्माण से दूसरे जनपदों और औद्योगिक क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे उद्योगों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई में लगने वाला समय और लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी। इसका सीधा लाभ उद्योगों के साथ आम लोगों को भी मिलेगा। आवागमन सुगम होने के साथ यात्रा का समय कम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इन चार सड़कों पर खर्च होंगे 166.92 करोड़
- चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग — करीब 43.84 करोड़ रुपये
- वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5ए के सुदृढ़ीकरण व सतह सुधार — करीब 58.15 करोड़ रुपये
- आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग — करीब 26.09 करोड़ रुपये
- मुर्धवा-म्योरपुर-बभनी-चपकी-बीजपुर मार्ग — करीब 38.82 करोड़ रुपये
इन सड़कों के सुदृढ़ीकरण के बाद जिले की औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और आम आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Author: Pramod Gupta
Hello









