November 25, 2026 6:44 am

बिजली व्यवस्था ध्वस्त बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण अंधेरे में लटकी छात्रों की अर्धवार्षिक परीक्षा

सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) बिजली विभाग के बेहतर आपूर्ति के दावे धरातल पर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। बीजपुर रायकालोनी उप केंद्र से जुड़े बीजपुर, सिरसोती, डोडहर सहित दर्जनों मजरों में बुधवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। लगभग 36 से 40 घंटे तक बिजली गुल रहने से क्षेत्र के ग्रामीण भीषण जल संकट और उमस से बेहाल हैं, वहीं छात्रों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली न रहने से नलकूप और पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके चलते ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। दैनिक कामकाज और पेयजल की व्यवस्था करना लोगों के लिए चुनौती बन गया है।
​इधर, अगले सप्ताह से स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। शाम ढलते ही अंधेरा छा जाने के कारण बच्चे परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में कई दिनों तक लगातार ब्लैकआउट झेलना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रामशिरोमणि जायसवाल, विवेक, माधुरी, कार्तिक, कृष्णा, नीरज, प्रेमधारी, रामकुमार, पार्वती, नीलिमा और सरोज ने विभाग की कार्यशैली पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सिरसोती फीडर में आए दिन फॉल्ट होना आम बात हो गई है। समय रहते कोई मेंटेनेंस नहीं किया जाता, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। मामले को लेकर म्योरपुर के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी (फॉल्ट) आ गई थी। इंसुलेटर बदले गए हैं और मेगर (टेस्टिंग) का काम कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!