सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को नगरपालिका प्रांगण में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य विषय “मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष—सेवा संकल्प अभियान” रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी मणिकनका कोल ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा, संगठन और राष्ट्रहित है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संगठन के विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है। नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता सक्रियता और समर्पण के साथ जुटें तथा पार्टी की नीतियों एवं जनसेवा के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।कार्यशाला में आगामी अभियान की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, नगर महामंत्री अनुपम तिवारी एवं ऋतु अग्रहरि, नगर उपाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, धीरेंद्र पांडेय एवं धर्मवीर त्यागी, आलोक रावत, अजय श्रीवास्तव, रीता गुप्ता सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









