सोनभद्र। थाना रामपुर बरकोनिया में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शौकत अली को सोनभद्र पुलिस ने बिहार स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। शौकत अली पुत्र स्व. सहाबुद्दीन, निवासी ग्राम हरभोग, थाना अधौरा, जनपद भभुआ (बिहार), उम्र करीब 40 वर्ष, के विरुद्ध थाना रामपुर बरकोनिया में मु0अ0सं0 45/2026 के तहत धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम, 1986 में मुकदमा दर्ज है। अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानतीय वारंट एवं उद्घोषणा की आदेशिका जारी थी। गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने उस पर 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया था। पुलिस टीम ने आरोपी को उसके ग्राम हरभोग स्थित आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।
आपराधिक इतिहास:
शौकत अली के विरुद्ध थाना रामपुर बरकोनिया में मु0अ0सं0 93/2025, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम; मु0अ0सं0 45/2026, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट तथा थाना मांची में मु0अ0सं0 28/2023, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया (थाना रायपुर), प्रभारी निरीक्षक चन्द्रशेखर सिंह (थाना मांची), थानाध्यक्ष रामसिंहासन शर्मा (थाना रामपुर बरकोनिया) सहित तीनों थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









