September 9, 2026 4:51 pm

नमो मैराथन में दौड़ेगा युवा, बढ़ेगा देश का मान

– 17 से 26 वर्ष के बालक-बालिकाओं के लिए 15 सितंबर को होगा आयोजन, विजेताओं को मिलेंगे 21 हजार तक के पुरस्कार

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जनकल्याण सेवा समिति राबर्ट्सगंज द्वारा 15 सितंबर 2026 को नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके संबंध में बुधवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगला राबर्ट्सगंज में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी बालक एवं बालिका वर्ग में अलग-अलग मैराथन आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बालक वर्ग की दौड़ होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचेगी, जबकि बालिका वर्ग की दौड़ चुर्क बाजार स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगी। प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 21 अन्य प्रतिभागियों को 1,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए अनुभवी वॉलिंटियर और प्रशिक्षकों की व्यवस्था रहेगी। प्रतियोगिता स्थल पर प्रतिभागियों को एनर्जी ड्रिंक उपलब्ध कराया जाएगा तथा मार्ग में भी इसकी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अनुभवी चिकित्सकों की टीम भी सहयोग के लिए मौजूद रहेगी। नमो मैराथन में 17 से 26 वर्ष की आयु के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागी का सोनभद्र का निवासी अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य रखा गया है। समिति ने जनपद के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होकर स्वस्थ युवा और फिट भारत के उद्देश्य को साकार करने में सहभागी बनने की अपील की। प्रेस वार्ता में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, संदीप सिंह, श्रीराम दरबार अखाड़ा के संरक्षक आनंद मिश्रा, श्याम द्विवेदी, पूर्व सभासद अरविंद पांडेय, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रहरि, नवीन त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, अंशु चौबे, पंकज ओझा, अखिलेश कश्यप, तन्मय त्रिपाठी, डब्लू शुक्ला, विनय भारती एवं सोनू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!