September 9, 2026 4:44 pm

सरकारी इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क की कमान

सोनभद्र (बभनी) वर्षों से बदहाल घघरी-बभनी मार्ग की समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। अधिकारियों के दरवाजे पर बार-बार शिकायत और गुहार के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों ने अब सरकारी व्यवस्था का इंतजार छोड़कर जनसहयोग से सड़क सुधार का काम शुरू कर दिया है। घघरी ग्राम पंचायत के इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत बरसात में और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियां आवागमन में बाधा बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या एक-दो वर्ष पुरानी नहीं, बल्कि ग्राम सभा के गठन के समय से चली आ रही है। सड़क की बदहाली को लेकर जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित अधिकारियों को आधा दर्जन से अधिक लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जून में धरना-प्रदर्शन और अगस्त में श्रमदान भी किया। सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। इसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहमति से तत्काल सड़क को आवागमन योग्य बनाने का निर्णय लिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, उमंग गुप्ता ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच जनसहयोग से तत्काल समाधान निकालने का प्रस्ताव रखा। सहमति बनने के बाद शोमारु प्रसाद और ओमप्रकाश ने पहल की जिम्मेदारी संभाली और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। इसके बाद जनसहयोग से सड़क पर जेसीबी उतारी गई। मार्ग को समतल करने, बड़े गड्ढों को भरने, जलनिकासी की व्यवस्था करने, सोलिंग डालने तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जनसहयोग से किया जा रहा यह कार्य सरकारी सड़क निर्माण का विकल्प नहीं है, बल्कि वर्षों से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण मजबूरी में उठाया गया कदम है। उनका कहना है कि बरसात में सड़क की हालत खराब होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थायी मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए कहा कि अब वे केवल आश्वासन के भरोसे नहीं बैठेंगे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!