– नशे की हालत में घरों में घुसने का आरोप घेराव और हंगामा के बाद मौके से भागे जेई
सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) बीजपुर डोडहर राय कालोनी स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता की कथित मनमानी और तानाशाही से क्षेत्र के ग्रामीण आजिज आ चुके हैं। मंगलवार को नेमना गांव में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया जब कथित तौर पर अवैध वसूली करने पहुंचे जेई को ग्रामीणों ने घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख जेई को मौके से किसी तरह भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। नशे में घरों में जबरन घुसने का आरोप
नेमना गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार को जेई बाइक से गांव पहुंचे और नशे की हालत में जबरन लोगों के घरों में घुसने लगे। विजली जांच के नाम पर ग्रामीणों को बेवजह प्रताड़ित किया जाने लगा और अवैध कनेक्शन का डर दिखाकर धन उगाही की कोशिश की गई। जब ग्रामीणों ने जेई की इस हरकत का विरोध किया और नशे की हालत में घरों में न घुसने की हिदायत दी तो वह आगबबूला होकर ग्रामीणों से गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे।ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। क्षेत्र में जेई का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि वह आए दिन उपभोक्ताओं को बिजली चोरी के झूठे मुकदमों में फंसाने और भारी जुर्माना लगाने की सीधी धमकी देते हैं। इस लगातार प्रताड़ना से त्रस्त ग्रामीणों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया और उन्होंने मौके पर ही जेई का घेराव कर जमकर विरोध जताया
जिलाधिकारी से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।पीड़ित ग्रामीणों ने सोनभद्र जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सरकारी पद की आड़ में मनमानी और अवैध वसूली करने वाले जेई के खिलाफ कठोर कानूनी तथा विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।
Author: Pramod Gupta
Hello









