– तीन-चार दिनों से बनी है समस्या, राहगीरों को भी हो रही परेशानी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज के चलते पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर विजयगढ़ पेट्रोल पंप और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच पिछले तीन-चार दिनों से पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई है। सुबह पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद करीब एक घंटे तक लगातार पानी सड़क पर बहता दिखाई देता है। स्थानीय निवासी अमित कुमार ने बताया कि कई दिनों से पाइपलाइन से पानी रिस रहा है। सप्लाई शुरू होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और बड़ी मात्रा में स्वच्छ पेयजल नालियों व सड़क पर बहकर व्यर्थ चला जाता है। चंदन ने बताया कि समस्या की जानकारी नगर पालिका परिषद और जल निगम को भी दी गई है। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द मौके का निरीक्षण कर लीकेज की मरम्मत कराएगा। लगातार पानी बहने से जहां प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के फैलाव से सड़क की सतह प्रभावित होने के साथ ही कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनने की आशंका भी है। स्थानीय निवासी भोले, संदीप, अभय, अंकुर, माखन सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से पाइपलाइन की जांच कर लीकेज को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि नगरवासियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा स्वच्छ पेयजल सड़कों पर व्यर्थ न बहे। वहीं, इस संबंध में विभाग के जेई से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
Author: Pramod Gupta
Hello









