सोनभद्र। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को सदर विधायक भूपेश चौबे से मुलाकात कर ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू करने, ग्राम रोजगार सेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, न्यूनतम 24 हजार रुपये मानदेय निर्धारित कर भुगतान की प्रक्रिया पृथक बजट से करने तथा मृतक आश्रितों से संबंधित शासनादेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही 20 वर्षों की सेवा को देखते हुए प्रशासनिक मद की व्यवस्था करने, बाबूशाही समाप्त कर राज्य सरकार के पृथक बजट से प्रतिमाह मानदेय भुगतान कराने तथा ग्राम रोजगार सेवकों को प्रशासनिक उत्पीड़न से मुक्त कर स्थायी सेवा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन का अधिकार देने की मांग की गई। इस अवसर पर ग्राम रोजगार सेवकों को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत ग्राम पंचायतों में संविदा पर कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तरह सेवा, सुरक्षा और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ग्राम रोजगार सेवकों के हित में जल्द बड़ी सौगात मिलेगी। संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल ने विधायक से ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयास से सोनभद्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों के जीवन में खुशियां लौट सकती हैं। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर तिवारी, श्याम मोहन पाण्डेय, नार सिंह पटेल, इंद्र भूषण मिश्र, शैलेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रेम चंद्र गौतम समेत दर्जनों ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









