– जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया गया। इस दौरान संगोष्ठी के साथ पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी आठ सितंबर को जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में प्रस्तावित पीडीए जन पंचायत की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि देश में प्रत्येक वर्ष पांच सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का शिक्षा और शिक्षक समाज के उत्थान में अतुलनीय योगदान रहा। उनका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास करना नहीं, बल्कि उनमें नैतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक मूल्यों का विकास करना भी था। राम निहोर यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सोनभद्र में दर्जनों विद्यालयों का विलय कर दिया गया है, जिससे गरीब वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए विद्यालयों को दोबारा संचालित कराया जाएगा और सभी वर्गों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सपा सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि भाजपा सरकार को गरीबों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों एवं पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने तथा हर वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद दुबे, परमेश्वर दयाल, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, संजय यादव, विजय यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









