September 6, 2026 2:07 pm

आर्टिका कार बनी डोडा तस्करी का जरिया, नौ बोरियों में मिला 1.38 क्विंटल माल

सोनभद्र। पुलिस ने रजखड़ घाटी में चेकिंग के दौरान एक आर्टिका कार से 01 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आर्टिका कार और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार को रजखड़ तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विंढमगंज की ओर से एक सफेद आर्टिका कार संख्या UP16-GT4953 में मादक पदार्थ लदा हुआ है और वाहन हाथीनाला की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक कार लेकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और थाना पुलिस को भी सूचना दी। रजखड़ घाटी में चढ़ाई से पहले पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे चालक और उसके साथी को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट निकालकर बनाए गए स्थान में नौ प्लास्टिक की बोरियां मिलीं, जिनमें कुल 01 कुंतल 38 किलो 538 ग्राम डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने बोरियों को सील कर कब्जे में ले लिया। आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अनूप साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राहुल मौर्या के साथ झारखंड के डाल्टेनगंज क्षेत्र से डोडा लेकर बरेली जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दो सितंबर को बरेली से बिहार के रास्ते डाल्टेनगंज पहुंचे थे, जहां उन्हें डोडा की नौ बोरियां उपलब्ध कराई गई थीं। आरोपियों ने इन्हें कार की पिछली सीट निकालकर छिपा दिया था। पूछताछ में तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी मिली है। सामने आए नामों और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस मामले में थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 250/2026, धारा 8/18/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी: अनूप साहू (31) पुत्र दीनानाथ निवासी नई बस्ती खलीलपुर रोड थाना सीबीगंज बरेली तथा राहुल (24) पुत्र छत्रपाल मौर्या निवासी नन्दोसी थाना सीबीगंज बरेली। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह, हरिकेश राम आजाद, रामसजीवन, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह तथा कांस्टेबल शिवम अहिरवार, अरविन्द कुमार यादव, सौरभ पाण्डेय और सुनील सरोज शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!