– मंदिरों से लेकर गांव-गांव तक रही जन्माष्टमी की धूम
सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) स्थानीय कस्बे सहित ग्रामीण अंचलों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शनिवार को पूरे श्रद्धा उल्लास भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा वहीं रात होते ही भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। बीजपुर बाजार स्थित श्रीराम चौक पुनर्वास प्रथम स्थित हनुमान मंदिर, जरहा के अजीरेश्वर धाम मंदिर, डोड़हर के टोला खैरी स्थित झड़ेश्वर महादेव मंदिर, शांतिनगर, पुनर्वास प्रथम बैढ़न रोड, बखरिहवा, सिरसोती, सेवकाडांड सहित विभिन्न स्थानों पर जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई थी। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना किया।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय होते ही मंदिर परिसर घंटा-घड़ियालों की ध्वनि और जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूप का विधिवत पूजन-अर्चन किया। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रीराम चौक पर भजन-कीर्तन ने बांधा समां
बीजपुर बाजार स्थित श्रीराम चौक पर आयोजित जन्माष्टमी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी रामाज्ञा सिंह का समिति अध्यक्ष धनंजय शर्मा एवं अन्य गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से आए भजन गायकों ने देर रात तक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।धार्मिक गीतों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।वहीं बेड़ियां हनुमान मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए देर रात तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा। आयोजन के दौरान गिरजा शंकर पांडेय, ललन सिंह, युगल किशोर तिवारी, जशवंत सिंह, सीताराम शर्मा, विनोद गर्ग, मुन्ना प्रसाद, विजेंद्र सिंह उर्फ बग्गा सिंह, सतवंत सिंह, रविंद्र गुप्ता, नागेंद्र सिंह, रामायण प्रसाद, राजेश सिंह, शिवधारी गुप्ता, सचिन गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









