September 5, 2026 11:08 am

गुलालझरिया में जल्द बनेगा फायर स्टेशन, तीन करोड़ से अधिक का स्टीमेट तैयार

सोनभद्र। (दुद्धी) तहसील मुख्यालय पर लंबे समय से चली आ रही फायर स्टेशन की कमी को दूर करने की कवायद तेज हो गई है। दुद्धी में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए स्टीमेट तैयार कर लिया गया है। स्वीकृति और धन आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। फायर स्टेशन बनने से तहसील क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। दुद्धी में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए ब्लॉक क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में भट्टी मोड़ के समीप करीब पांच हजार वर्ग मीटर भूमि प्रशासन की ओर से वर्ष 2017 में 20 वर्ष की लीज पर दी गई थी। बाद में 13 अगस्त 2025 को भूमि को लीज मुक्त करते हुए कार्यदायी संस्था आवास विकास को नामित कर दिया गया। इसके बाद स्टेशन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

गर्मी में बढ़ जाती हैं आगजनी की घटनाएं

तहसील क्षेत्र में गर्मी के दिनों में आगजनी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। खेतों में खड़ी फसल, खलिहान और ग्रामीण इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। स्थानीय स्तर पर फायर स्टेशन नहीं होने के कारण आग पर काबू पाने के लिए बाहर से दमकल वाहन बुलाना पड़ता है। कई बार दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। इस दौरान आग विकराल रूप ले लेती है और पीड़ितों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

चोपन से संचालित होती है अग्निशमन सेवा

दुद्धी तहसील क्षेत्र की अग्निशमन व्यवस्था वर्तमान में करीब 60 किलोमीटर दूर चोपन फायर स्टेशन से संचालित होती है। दूरी अधिक होने के कारण आगजनी की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में समय लग जाता है। हालांकि गर्मी के दिनों में कभी-कभी अग्निशमन वाहन को तहसील क्षेत्र में अस्थायी रूप से खड़ा किया जाता है, लेकिन स्थायी फायर स्टेशन की कमी बनी हुई है।

इस गर्मी 136 से अधिक आगजनी की घटनाएं

वर्ष 2026 की गर्मी में दुद्धी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आगजनी की घटनाओं में इजाफा हुआ। इस दौरान किसानों की फसलें भी प्रभावित हुईं। अग्निशमन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस गर्मी 136 से अधिक आगजनी की घटनाओं की सूचना फायर सर्विस को मिली, जिन पर दमकल कर्मियों ने पहुंचकर नियंत्रण किया।

तीन करोड़ 51 लाख रुपये का स्टीमेट

अग्निशमन अधिकारी करन यादव ने बताया कि दुद्धी तहसील मुख्यालय पर फायर स्टेशन की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। गुलालझरिया में फायर स्टेशन के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था आवास विकास की ओर से हाल ही में करीब तीन करोड़ 51 लाख रुपये का स्टीमेट तैयार कर अग्निशमन मुख्यालय लखनऊ भेजा गया था। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद स्टीमेट अब पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस मुख्यालय से स्वीकृति और धन आवंटन होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। फायर स्टेशन स्थापित होने के बाद दुद्धी क्षेत्र के लोगों को आगजनी की घटनाओं में त्वरित अग्निशमन सेवा का लाभ मिल सकेगा।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!