September 4, 2026 12:46 pm

सोन नदी खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर, डीएम-एसपी ने लिया जायजा

सोनभद्र। लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन में सोन नदी के किनारे स्थित बस्तियों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सोन नदी के बढ़ते जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति और संभावित संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे एवं निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा स्थानीय लोगों को समय-समय पर बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत करने के निर्देश दिए। डीएम ने नदी तट के संवेदनशील एवं आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोग नदी किनारे अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न पहुंचें। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी व्यवस्थाएं तत्पर रखने को भी कहा जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतें। नदी तट, तेज बहाव और जलप्रवाह वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा बच्चों और पशुओं को भी ऐसे क्षेत्रों से दूर रखें। प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। जिला प्रशासन की ओर से सोन नदी के जलस्तर और तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सीओ सदर रणधीर मिश्रा, ईओ नगर पंचायत चोपन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!