सोनभद्र। उचित दर विक्रेता संघ, सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से मुलाकात कर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने पर प्रसन्नता जताई। लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित दर विक्रेता गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में लाभांश में की गई वृद्धि से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और उनके सेवा कार्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता एवं सम्मान भी प्रदर्शित होता है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हित मजबूत होंगे तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन में भी और प्रभावशीलता आएगी। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति विशेष कृतज्ञता जताई और खाद्य एवं रसद मंत्री का भी आभार व्यक्त किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









