– एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोकी, भविष्य में पुनरावृत्ति पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
सोनभद्र। सोशल मीडिया पर 27 अगस्त को प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां, विकासखंड घोरावल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती माण्डवी कुमारी के विरुद्ध कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से टूटी चहारदीवारी के निर्माण के लिए ईंटें ढुलवाए जाने का मामला सामने आया था। प्रकरण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। अपने स्पष्टीकरण में प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय की करीब 10 फीट चहारदीवारी अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दी गई थी। उसकी मरम्मत के लिए दो मजदूर और एक राजगीर मिस्त्री लगाए गए थे। अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में रखी ईंटों को मजदूरों द्वारा बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे स्वयं ईंट ढोने लगे, जिन्हें देखकर तत्काल कक्षा-कक्ष में बुला लिया गया। स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने माना कि शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों का कक्षा-कक्ष से बाहर होना और उन पर प्रभावी नियंत्रण न रहना प्रधानाध्यापिका के कार्य एवं दायित्व के प्रति शिथिलता को दर्शाता है। इसके चलते श्रीमती माण्डवी कुमारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई है। साथ ही विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण रखने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसी घटना सामने आने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापिका की होगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









