– भोर तीन बजे से बस का इंतजार, सात बजे से सेवा शुरू होने के जवाब पर महिलाओं में नाराजगी
सोनभद्र। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को 72 घंटे की निःशुल्क बस यात्रा की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं बस में महिलाओं के साथ यात्रा कर सरकार की संवेदनशीलता का संदेश दिया, लेकिन सोनभद्र रोडवेज डिपो की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। रक्षाबंधन के दिन वाराणसी जाने के लिए कई महिलाएं भोर करीब तीन बजे से ही सोनभद्र रोडवेज डिपो पहुंच गईं। घंटों तक बस नहीं आने से त्योहार की खुशी इंतजार और नाराजगी में बदल गई। महिलाओं का आरोप है कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की जानकारी पहले से होने के बावजूद डिपो प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बसों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। डिपो में बस का इंतजार कर रही एक महिला ने बताया कि वह अपने भाई को समय पर राखी बांधने के लिए सुबह तीन बजे से खड़ी है। साल में एक बार आने वाले इस पर्व पर शुभ मुहूर्त निकल जाने की चिंता सता रही है। महिला ने सवाल किया कि यदि समय पर भाई तक नहीं पहुंच पाए तो मुफ्त यात्रा का क्या लाभ। एक अन्य महिला ने कहा कि सरकार ने यात्रा मुफ्त कर दी, लेकिन डिपो में बस ही उपलब्ध नहीं है। जब पहले से पता था कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। भोर से बस का इंतजार करना सौगात के बजाय परेशानी बन गया है।वहीं, एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बावजूद कर्मचारियों की ओर से बस के आने-जाने को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। महिलाओं का कहना था कि राखी बांधने का समय निकल जाने के बाद बस मिलने का क्या फायदा। इस संबंध में एआरएम नन्दलाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बस सेवा सुबह सात बजे से उपलब्ध होगी। हालांकि, यह जवाब उन महिलाओं के लिए परेशानी बढ़ाने वाला रहा, जो सुबह तीन बजे से डिपो में बस का इंतजार कर रही थीं। महिलाओं का सवाल है कि जब रक्षाबंधन पर निःशुल्क यात्रा की घोषणा पहले से थी और यात्रियों की संभावित भीड़ का अनुमान भी लगाया जा सकता था, तो बसों का संचालन सुबह सात बजे से ही क्यों निर्धारित किया गया। दूर-दराज से आने वाली महिलाएं शुभ मुहूर्त से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचकर भाइयों को राखी बांधना चाहती थीं, लेकिन डिपो की कथित अव्यवस्था के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। अब देखना है कि इस मामले में प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
Author: Pramod Gupta
Hello









