August 28, 2026 11:39 am

दुद्धी पीजी कॉलेज में 7 विषयों के प्राध्यापक नहीं, 10 साल से गणित की पढ़ाई भगवान भरोसे

– 2200 विद्यार्थियों पर शिक्षकों का टोटा, कुछ विषयों में प्रवेश लेने के बाद भी नहीं हैं नियमित प्राध्यापक; उच्च शिक्षा विभाग से नियुक्ति की मांग

सोनभद्र (दुद्धी) प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित आदिवासी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र (403) दुद्धी के भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भारी पड़ रही है। महाविद्यालय में करीब 2200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन महत्वपूर्ण विषयों में प्राध्यापकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। हालात यह हैं कि कुछ विषयों में विद्यार्थियों ने प्रवेश तो लिया है, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए नियमित प्राध्यापक ही उपलब्ध नहीं हैं। महाविद्यालय में समाजशास्त्र, संस्कृत, इतिहास, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान जैसे सात विषयों के प्राध्यापक वर्तमान में उपलब्ध नहीं हैं। इनमें गणित के प्राध्यापक का पद करीब 10 वर्षों, इतिहास का करीब छह वर्षों और संस्कृत का करीब पांच वर्षों से रिक्त बताया जा रहा है। प्रत्येक विषय में 60 सीटें निर्धारित हैं। ऐसे में हर वर्ष सैकड़ों विद्यार्थी इन विषयों में प्रवेश लेते हैं, लेकिन विषय विशेषज्ञ के अभाव में उन्हें नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है।

इस साल 959 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

वर्ष 2026-27 में महाविद्यालय के स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में कुल 959 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनमें स्नातक कला वर्ग में 528, विज्ञान वर्ग के गणित में 34, बायो वर्ग में 119 और वाणिज्य वर्ग में 138 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं परास्नातक कला वर्ग में राजनीति शास्त्र के 51, समाजशास्त्र के 36, हिंदी के 29 तथा वनस्पति विज्ञान के 22 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

आदिवासी क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र

दुद्धी तहसील के आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह महाविद्यालय उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। दूरदराज के विद्यार्थी स्नातक एवं परास्नातक की पढ़ाई के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण विषयों के प्राध्यापक लंबे समय से नहीं होने से विद्यार्थियों को विषयवार पढ़ाई, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और नियमित कक्षाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विद्यार्थियों ने शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग से रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग की है।

निदेशालय को भेजी गई रिक्त पदों की सूचना

प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार ने बताया कि प्राध्यापकों के रिक्त पदों के संबंध में निदेशालय को सूचना भेजी गई है। वर्तमान में जिन विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं, उनकी कक्षाएं नियमित संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्टाफ की कमी काफी समय से है। वर्तमान में हिंदी साहित्य, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं वनस्पति विज्ञान के प्राध्यापक उपलब्ध हैं। इस वर्ष 959 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जबकि महाविद्यालय में कुल करीब 2200 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!