August 28, 2026 11:31 am

ओबरा बांध का गेट खोला, रिहन्द भी पूर्ण जलाशय स्तर के करीब

सोनभद्र। ओबरा बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा तथा रिहन्द एवं ओबरा जल विद्युत गृह से पानी के प्रवाह के कारण बांध के अपस्ट्रीम में जलस्तर बढ़ने से जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। ओबरा बांध का जलस्तर 193.24 मीटर के पूर्ण जलाशय स्तर (FRL) को पार कर 193.25 मीटर पहुंच गया था। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए 26/27 अगस्त की रात 2:35 बजे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर गेट संख्या-8 को तीन फीट खोल दिया गया। वर्तमान में ओबरा जल विद्युत गृह की तीनों जल विद्युत टरबाइनें संचालित हैं। टरबाइनों के माध्यम से करीब 14,404 क्यूसेक तथा गेट से करीब 3,600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। 27 अगस्त की सुबह आठ बजे ओबरा बांध का जलस्तर 193.20 मीटर दर्ज किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को ओबरा बांध एवं डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जलस्तर की लगातार निगरानी करने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारियों, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

रिहन्द बांध भी क्षमता के करीब

रिहन्द बांध का जलस्तर भी 27 अगस्त की सुबह आठ बजे 868.60 फीट दर्ज किया गया, जबकि इसकी पूर्ण क्षमता 870 फीट है। वर्तमान में रिहन्द जल विद्युत गृह की टरबाइनों से करीब 17,385 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर सामान्य नहीं होने की स्थिति में रिहन्द बांध के गेट खोले जाने की संभावना को देखते हुए प्रशासन विशेष निगरानी कर रहा है। जिलाधिकारी ने रेणु और सोन नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी किनारे एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित तहसील अथवा जिला प्रशासन को सूचना देने को कहा। जिला प्रशासन सिंचाई, जल विद्युत, राजस्व, पुलिस समेत संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों में जुटा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!