August 28, 2026 2:25 pm

कनहर डैम प्रभावित परिवारों के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें: डीएम

सोनभद्र। कनहर डैम से प्रभावित परिवारों की भूमि, पुनर्वास और अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में कनहर विभाग एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रभावित परिवारों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ओबरा एवं दुद्धी को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में भूमि की रजिस्ट्री, सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलने वाले लाभ में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक में नहर निर्माण के लिए आवश्यक कृषकों की भूमि क्रय से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भूमि क्रय के प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

1 से 15 सितंबर तक लगेंगी संयुक्त चौपालें

डीएम ने निर्देश दिए कि 1 से 15 सितंबर तक कनहर डैम से प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कनहर विभाग की संयुक्त चौपालें आयोजित की जाएं। चौपालों में अधिकारी मौके पर ग्रामीणों एवं प्रभावित परिवारों की भूमि, रजिस्ट्री, सत्यापन, पुनर्वास समेत अन्य समस्याएं सुनेंगे। मौके पर समाधान योग्य मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा, जबकि शेष प्रकरणों का प्रभावी अनुश्रवण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

252 प्रभावित परिवारों के सत्यापन में तेजी के निर्देश

डैम के डूब क्षेत्र से प्रभावित अवशेष 252 परिवारों को पुनर्वास पैकेज दिए जाने के संबंध में जिलाधिकारी ने सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को पुनर्वास पैकेज का लाभ मिल सके। बैठक में कनहर डैम के निर्माण से जुड़े शेष कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के साथ गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बांध की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय जनता के सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त स्थल पर पुल निर्माण की संभावनाओं को लेकर सर्वेक्षण कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि कनहर परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्व एवं कनहर विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। चौपालों के माध्यम से प्रशासन की सीधी पहुंच प्रभावित लोगों तक सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर समाधान कराया जाएगा। बैठक में मुख्य अभियंता कनहर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित राजस्व एवं कनहर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!