लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जनपदों के 955 केंद्रों पर पांच पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।तुलनात्मक मूल्यांकन (नॉर्मलाइजेशन) की निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर परिणाम तैयार किया गया है। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 5,71,435 यानी 80.07 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल हुए। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में शामिल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 7,59,513 यानी 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। कार्यरत शिक्षकों के परिणाम में प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 शिक्षकों में से 93,387 (76.29 प्रतिशत) तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 शिक्षकों में से 1,13,384 (77.45 प्रतिशत) सफल रहे। अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली परीक्षा को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया गया तथा पूर्व निर्धारित नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया के अनुसार परिणाम तैयार किया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









