सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरण्यक फाउंडेशन की ओर से कोटा ग्राम में सीड बॉल थ्रो अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। फाउंडेशन की टीम ने ग्रामवासियों के सहयोग से करीब 20 हजार सीड बॉल विभिन्न स्थानों पर थ्रो किए। इसके माध्यम से ऐसे खाली एवं उपेक्षित क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से पौधों के विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, जहां सामान्य तरीके से पौधरोपण करना कठिन होता है। अभियान के आयोजन में जिला प्रशासन एवं उप जिलाधिकारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने जिले को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का संकल्प भी लिया। आरण्यक फाउंडेशन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और जिले में हरियाली को बढ़ावा देना है। फाउंडेशन ने कहा कि सीड बॉल जैसी पहल प्राकृतिक तरीके से पौधों के विकास में सहायक हो सकती है और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे भी व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेतन सिंह ने की। अभियान को सफल बनाने में शशांक शेखर सिंह, पवन सिंह, वैभव सिंह, हिमांशु वर्मा, सृष्टि सिंह, मानसी सिंह और कृतिका पाण्डेय समेत फाउंडेशन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फाउंडेशन ने जिला प्रशासन, उप जिलाधिकारी, ग्रामवासियों एवं अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
Author: Pramod Gupta
Hello









