– छात्राओं से करेंगी संवाद, महिला जनसुनवाई में सुनेंगी समस्याएं; जिला महिला चिकित्सालय व बालगृह का लेंगी जायजा
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उप मंत्री स्तर की चारु चौधरी जनपद के भ्रमण पर रहेंगी। भ्रमण के दौरान वह महिला एवं बालिका सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण एवं सशक्तिकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगी। साथ ही छात्राओं से संवाद करने के अलावा महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई भी करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चारु चौधरी पूर्वाह्न 10:30 बजे विन्ध्य कन्या डिग्री कॉलेज, पुसौली, राबर्ट्सगंज पहुंचकर छात्राओं से संवाद करेंगी। इस दौरान शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विषयों पर छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद वह जिला महिला चिकित्सालय, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों तथा मरीजों के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। दोपहर 1 बजे सर्किट हाउस, सोनभद्र में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें जनपद की महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकेंगी। उपाध्यक्ष संबंधित मामलों को सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देंगी। इसके बाद शाम 5:15 बजे बालगृह (बालिका), इन्द्रपुरी कॉलोनी, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया जाएगा। यहां बालिकाओं के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। महिला आयोग की उपाध्यक्ष के भ्रमण का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखना तथा उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को और प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक कदम सुनिश्चित करना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









