सोनभद्र। सावन मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शनिवार रात्रि को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।भ्रमण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी चेक करते हुए उनकी सतर्कता और मुस्तैदी भी परखी गई। डीएम एवं एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखें। ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतते हुए पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा के संबंध में जानकारी ली। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों की जानकारी देते हुए यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का भरोसा दिलाया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर लगातार भ्रमण एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के साथ जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरतते हुए प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









