August 28, 2026 1:24 pm

पहले लैपटॉप का लालच, फिर AI वीडियो से धमकी, पुलिस ने साइबर ठग को दबोचा

सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले की जांच के दौरान सामने आए साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामले में बभनी पुलिस व साइबर टीम ने राजस्थान के अलवर से एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का विज्ञापन देकर लोगों को फंसाता था और टैक्स व प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर रकम ऐंठने के बाद लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेता था। इसके बाद मोबाइल डाटा के जरिए एआई से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे परिजनों व रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बभनी अरविन्द कुमार सरोज के नेतृत्व में की गई। 5 जून 2026 को बीजपुर थाना क्षेत्र के मेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने बताया था कि मृतक के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आ रही थीं। जांच के दौरान साइबर सेल ने मृतक के मोबाइल और बैंक खातों का विश्लेषण किया तो कॉल अलवर, राजस्थान से आने तथा खाते से धनराशि अलवर भेजे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद साइबर थाना, बभनी और बीजपुर पुलिस की संयुक्त टीम राजस्थान भेजी गई, जहां से वारिस खान उम्र 20 वर्ष पुत्र खुर्शीद खान निवासी पड़ासला थाना किशनगढ़बास जिला खैरतल-तिजारा राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।

मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी की जामातलाशी में एक मोबाइल फोन, उसमें लगा सिमकार्ड और 1,050 रुपये नकद बरामद किए। जांच में मोबाइल को मुकदमे से संबंधित बेनिफिशियरी यूपीआई लिंक मोबाइल बताया गया है। मोबाइल में मौजूद MobiKwik Wallet की जांच में 5 जून 2026 को संबंधित धनराशि प्राप्त होने के साक्ष्य भी मिले।

पूछताछ में कई साइबर ठगी का खुलासा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का विज्ञापन डाला था। प्रवेश कुमार द्वारा संपर्क करने पर सामान भेजने, टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर रकम ली गई। इसके बाद लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल किया गया और डाटा लेकर एआई से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे परिचितों तक भेजने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार इसी दबाव के चलते प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली।पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा में टेलीग्राम टास्क फ्रॉड के जरिए 15,740 रुपये, गुजरात में कस्टमर केयर बनकर 3,860 रुपये, राजस्थान में लैपटॉप बेचने के नाम पर 13,327 रुपये तथा पश्चिम बंगाल में पुराने नोट बदलकर नई करेंसी देने के नाम पर 50,950 रुपये की साइबर ठगी करने की बात भी बताई। विवेचक प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सरोज ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की। गिरफ्तार करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सरोज, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल लाला सोनकर और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!