सोनभद्र। 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर सोनभद्र में राष्ट्रप्रेम, रोमांच और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिला। सोन एडवेंचर की ओर से आयोजित ‘ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा’ को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं बाइक चलाकर उत्साहपूर्वक रवाना किया। तिरंगे की आन-बान-शान के साथ निकली इस रोमांचक यात्रा के जरिए देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ ही सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया गया।यात्रा में प्रतिभागियों ने हाथों और अपनी बाइकों पर तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। दुर्गम एवं रोमांचक रास्तों से गुजरती बाइक सफारी ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बना दिया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध जनपद है। यहां के पहाड़, जंगल, जलप्रपात और प्राकृतिक स्थल एडवेंचर टूरिज्म के लिए व्यापक संभावनाएं समेटे हुए हैं। इस प्रकार की गतिविधियां जनपद के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के साथ देश-दुनिया से अधिक से अधिक पर्यटकों को सोनभद्र की ओर आकर्षित करने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। सोनभद्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए जनपद को विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऑफ रोड बाइक सफारी तिरंगा यात्रा ने एक ओर जहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर सोनभद्र की प्राकृतिक खूबसूरती एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी उजागर किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









