सोनभद्र। श्रावण मास में शिवद्वार धाम पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को शिवद्वार मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, मंदिर परिसर एवं आसपास की साफ-सफाई, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित चिकित्सा शिविर तथा मेले के कंट्रोल रूम का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत घोरावल को निर्देश दिए कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।इसके बाद डीएम एवं एसपी ने शाहगंज बाजार का भी निरीक्षण किया। यहां सड़कों पर गंदगी और कीचड़ मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सफाई कराने तथा सड़क किनारे बन रहे नाले के निर्माण में आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिन मार्गों से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है, वहां स्वच्छता, सुगम यातायात और आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









