सोनभद्र। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन मिल गए हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन चुर्क से इन हाईटेक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसपी ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर जैसे आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इनके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इन वाहनों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश व स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण और प्रदूषणकारी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने में किया जाएगा। एसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जनपद में समय-समय पर विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। साथ ही आधुनिक तकनीक की मदद से नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उनके कार्य को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के लिए छाते, रेनकोट, हाई पावर टॉर्च, ब्लैक चश्मे और मास्क भी वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ किया जाए तथा आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति लगातार जागरूक किया जाए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम, यातायात प्रभारी सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









