सोनभद्र। बीजपुर(विनोद गुप्त)श्रावण मास के प्रथम सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।सुबह से ही हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नजर नहीं आई।हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।क्षेत्र के सुप्रसिद्ध जरहा स्थित अजीरेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।यहाँ उत्तर प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित आस पास के गाँवो से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक दुग्धविषेक फल फूल भाँग धतूरा चढ़ा कर सुख-समृद्धि की कामना की।इसके अलावा एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर स्थित शिव मंदिर सिरसोती के शिव मंदिर,बीजपुर बाजार स्थित बेड़िया हनुमान मंदिर तथा डोडहर के झंडी पहाड़ी स्थित शिव मंदिर में भी तड़के से ही पूजन-अर्चन और जलाभिषेक का दौर जारी रहा।बारिश के बीच भीगते हुए भी श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और जलाभिषेक का कार्यक्रम चलता रहा, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।कावरियों के सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने रेणुकोट बीजपुर सड़क मार्ग पर जगह जगह बैरिकेटिंग कर बड़ी गाड़ियों के आवागमन सुब्ह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवागमन पर प्रतिबढ़ लगा रखा था वही अजीरेश्वर मंदिर पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह मय फोर्स क्षेत्र का स्वयं चक्रमण करते रहे।









