सोनभद्र। बीजपुर(विनोद गुप्त)स्थानीय पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्षेत्र के एक कुख्यात और जिला स्तर के टॉप-10 अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में उपनिरीक्षक दीना नाथ राम अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे।इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह ग्राम डोड़हर स्थित पंचायत भवन के पास घेराबंदी करके नामजद अभियुक्त राजू भारती पुत्र कृष्णकान्ति भारती को हिरासत में ले लिया।पकड़ा गया अभियुक्त राजू भारती ग्राम डोड़हर का ही निवासी है।पुलिस के मुताबिक वह जिला स्तर का शातिर और टॉप-10 अपराधी है जिसके खिलाफ माननीय न्यायालय अपर सिविल जज मजिस्ट्रेट दुद्धी में अवैध हथियार रखने का मामला पंजीकृत है और वह काफी समय से फरार चल रहा था।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त का चालान कर उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।









