October 10, 2026 6:43 am

सेवानिवृत्त शिक्षक के घर लाखों की चोरी, दो लाख नकद समेत जेवरात ले उड़े चोर

सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) स्थानीय थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर धावा बोलकर करीब दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चक चपकी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मगन राम तिवारी के घर में गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे की खिड़की की सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा उसमें रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में वर्षों से चोरी की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लोगों ने बताया कि वर्ष 2023 में भी चपकी गांव निवासी आशीष केशरी के घर से 88 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के गहनों की चोरी हुई थी, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध मे प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!