सोनभद्र। कर्मा थाना क्षेत्र के टिकुरिया गांव निवासी एक गर्भवती महिला की वाराणसी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार शाम केकराही स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक परिजन मुआवजे की मांग को लेकर डटे रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकुरिया गांव निवासी रामजी की पत्नी संतोषी देवी उम्र 25 वर्ष को बुधवार शाम पेट में दर्द होने पर केकराही स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार इससे पहले प्रसूता को प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां बताया गया कि गर्भ में शिशु की स्थिति सामान्य नहीं है। इसके बाद उसे निजी अस्पताल भेज दिया गया। निजी अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने गर्भ में शिशु की मृत्यु होने की जानकारी देते हुए ऑपरेशन की सलाह दी। अस्पताल के सर्जन डॉ. पियूष श्रीवास्तव द्वारा ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत गंभीर होने पर उसे रात करीब 11 बजे वाराणसी के चितईपुर स्थित मेट्रो हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति रामजी ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज की स्थिति अत्यंत गंभीर थी तथा परिजनों के अनुरोध पर जान बचाने के उद्देश्य से ऑपरेशन किया गया था। अस्पताल प्रबंधन ने स्वयं को पंजीकृत अस्पताल बताते हुए उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कर्मा सूर्यभान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Author: Pramod Gupta
Hello









