October 10, 2026 6:43 am

डीजल से भरा टैंकर पलटा, जंगल में बहा हजारों लीटर ईंधन

सोनभद्र। रेणुकूट क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में शनिवार दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से हजारों लीटर डीजल रिसकर जंगल क्षेत्र में बहने लगा। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए तथा बह रहे डीजल को भरने लगे। घटना के चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के मुगलसराय स्थित डिपो से डीजल लेकर एक टैंकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे खाड़पाथर जंगल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैंकर सड़क किनारे उतरकर गड्ढे में पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा डीजल तेजी से बाहर निकलने लगा। घटनास्थल पर मौजूद वाराणसी निवासी अरुण यादव ने बताया कि टैंकर चालक संतु निवासी अलीपुर वाहन को सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर आराम कर रहा था। उन्होंने चालक से वाहन को किनारे लगाने को कहा। इसी दौरान चालक टैंकर को हटाने लगा, लेकिन वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।बताया गया कि सड़क के बीच वाहन खड़ा होने के कारण अरुण यादव की कार भी सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे कार सवार सौरभ निवासी वाराणसी घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को एकत्र करने लगे। डीजल रिसाव के चलते क्षेत्र में आग लगने की आशंका भी बनी रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चोपन अग्निशमन केंद्र को भी सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था करते हुए क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी, ताकि किसी प्रकार की आगजनी या अन्य दुर्घटना न हो सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!