सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई का एक और सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बीजपुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार एक ग्रामीण की पूरी रकम वापस कराकर उसे बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते ठगी गई 4450 रुपये की धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। जानकारी के अनुसार कमलेश पुत्र कृष्णा माधव निवासी ग्राम झीलो थाना बीजपुर के साथ अज्ञात साइबर ठग द्वारा मोबाइल पर स्कैनर भेजकर 4450 रुपये की ठगी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बीजपुर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने NCRP पोर्टल पर शिकायत का परीक्षण कर संबंधित खातों की जानकारी जुटाई और ठगी गई धनराशि को समय रहते होल्ड करा दिया। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य संकलित कर MRM पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक को रिफंड मनी रिक्वेस्ट भेजी गई। प्रभावी पैरवी और समन्वय के परिणामस्वरूप पीड़ित की सम्पूर्ण 4450 रुपये की राशि उसके मूल खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित कमलेश ने पुलिस एवं साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी प्रशंसा की। धनराशि वापस कराने वाली टीम थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय, कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण सहित महिला कांस्टेबल निहारिका पाण्डेय शामिल रहीं ।
पुलिस ने आमजन को साइबर फ्राड से सावधान करते हुए अपील किया कि साइबर अपराध की किसी भी घटना के घटित होते ही पीड़ित व्यक्ति तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने में सूचना दें।
Author: Pramod Gupta
Hello









