October 10, 2026 1:33 am

क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक दिवाकर कौशिक का एनटीपीसी रिहंद दौरा

सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) एनटीपीसी रिहंद दिवाकर कौशिक क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर)एवं सीईओ एनएसपीसीएल ने एनटीपीसी रिहंद परियोजना का दौरा किया परियोजना परिसर में पहुँचने पर संजय असाटी कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर दिवाकर कौशिक के साथ उत्तरा क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक भी पधारीं। अपने व्यस्त दौरे की शुरुआत में दिवाकर कौशिक ने सबसे पहले ‘बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026’ की कार्यशाला में प्रतिभाग कर रहीं ग्रामीण बालिकाओं से मुलाकात की और उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वे बालिकाओं के जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इसके पश्चात, उन्होंने प्रशासनिक भवन में एसएमसी सदस्यों के साथ बैठक कर प्लांट के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की तथा साथ ही उन्होंने यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ भी सकारात्मक संवाद स्थापित किया।
संयंत्र क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कौशिक ने फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन का दौरा कर वहाँ चल रही गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में एफजीडी स्टेज-1 और 3 के लाइम स्टोन एवं जिप्सम हैंडलिंग सिस्टम के विद्युत भवन का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन 20 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया और इनटेक चैनल का भी निरीक्षण किया। शाम को मुख्य अतिथि दिवाकर कौशिक के सम्मान में तरंग प्रेक्षागृह में एक भव्य ‘सांस्कृतिक संध्या’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुआ। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने अपने स्वागत उद्बोधन में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य जनों का आभार व्यक्त करते हुए रिहंद परियोजना की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक संध्या में टाउनशिप के विभिन्न विद्यालयों, बाल भवन, ईडबल्यूए तथा महिला क्लब वेलफेयर विंग के बच्चों ने अपनी मनमोहक और सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने संबोधन में दिवाकर कौशिक ने रिहंद दौरे को अत्यंत अविस्मरणीय बताते हुए यहाँ की कार्यशैली की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने गर्व से कहा कि रिहंद परियोजना उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय का एक गौरवशाली स्तम्भ है जिसने समय-समय पर अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी श्रेष्ठता और अटूट प्रतिबद्धता को साबित किया है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी मेधावी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। रिहंद परियोजना से रवाना होने से पूर्व पर्यावरण और प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता व प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए दिवाकर कौशिक, उत्तरा क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सीमा कौशिक परियोजना प्रमुख संजय असाटी तथा वर्तिका महिला मण्डल की अध्यक्षा श्रीमती नीलू असाटी ने परिसर में पौधे रोपे और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।इस पूरे गरिमामयी दौरे के दौरान एनटीपीसी रिहंद के वरिष्ठ अधिकारी,महिला क्लब की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी व उनके परिजन उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!