सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बभनी-रेणुकूट मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के आरंगपानी निवासी बुझावन उम्र 25 वर्ष पुत्र भीम सिंह एवं राजेश कुमार उम्र 24 वर्ष पुत्र रामलखन मोटरसाइकिल से बभनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बुझावन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बुझावन को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि घायलों की पहचान कर ली गई है तथा फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।









