सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड बालू लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया। शुक्रवार रात्रि एसडीएम घोरावल आशीष कुमार त्रिपाठी ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया तथा खनन एवं परिवहन विभाग को विधिक कार्रवाई के लिए सूचना भेजी गई है। एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घोरावल से रॉबर्ट्सगंज जाने वाले मार्ग पर रॉबर्ट्सगंज की ओर से आ रहे तीन ट्रक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जांच करने पर वाहनों में ओवरलोड बालू लदा मिला। वाहनों के कागजातों की जांच में एमएम-11 कुशीनगर एवं गोरखपुर के पाए गए, जबकि ट्रक घोरावल क्षेत्र एवं मिर्जापुर के लालगंज क्षेत्र में बालू खाली करने जा रहे थे। जांच में सभी ट्रक लगभग 25 टन ओवरलोड पाए गए। कार्रवाई के दौरान तीनों वाहनों को घोरावल कोतवाली में सुपुर्द कर दिया गया। मामले की सूचना खनन अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी तथा वाणिज्य कर अधिकारी सोनभद्र को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









