सोनभद्र। चुर्क चौकी क्षेत्र के करमांव गांव निवासी एक वृद्ध का शव शनिवार को घाघर नदी में उतराया मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार करमांव गांव निवासी 70 वर्षीय रामधारी जायसवाल पुत्र स्वर्गीय सरजू जायसवाल शुक्रवार को घर से घाघर नदी में मछली पकड़ने के लिए निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने घाघर नदी में एक शव उतराता देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामधारी जायसवाल के रूप में कराई। इसके बाद पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया वृद्ध की नदी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Author: Pramod Gupta
Hello









