October 10, 2026 6:43 am

गांव-गांव पहुंच रही सरकार, ग्रामीणों की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान: समाज कल्याण राज्य मंत्री

– कुंदरी ग्राम में आयोजित ग्राम चौपाल में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया जनसंवाद
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: जिलाधिकारी

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शनिवार के कुंदरी ग्राम में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। “सरकार आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत आयोजित ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना एवं जनसमस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण राज्य मंत्री ने अन्नपूर्णा भवन प्रेरणा शॉप का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया तथा छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएगा। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, पेंशन एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के उत्थान हेतु अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपालें शासन एवं जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं, जिनके माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपाल में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष कमलेश मोहन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!