– राम नाम हरिकीर्तन कर बीडीओ को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन
सोनभद्र। नगवां ब्लॉक मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवकों ने वर्षों से बकाया मानदेय की मांग को लेकर अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम रोजगार सेवकों ने राम नाम भजन-कीर्तन एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चन्देल एवं विंध्याचल मंडल प्रभारी सुरेश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम रोजगार सेवकों ने वित्तीय वर्ष 2025-26, 2026-27 तथा पूर्व के लंबित मानदेय के भुगतान की मांग उठाई। साथ ही ईपीएफ की बकाया धनराशि तत्काल यूएएन खाते में हस्तांतरित करने, एनएमएमएस, जियो टैगिंग, आवास सर्वे सहित डिजिटल कार्यों के लिए मोबाइल/टैब एवं रिचार्ज डाटा उपलब्ध कराने, एमआईएस एवं डाटा फीडिंग के लिए आईडी-पासवर्ड जारी करने तथा पंचायत भवन में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान ग्राम रोजगार सेवकों ने घंटों तक राम नाम हरिकीर्तन एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर शासन के उच्चाधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। बाद में कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अनिल सिंह को संबोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चन्देल ने कहा कि शासन में बैठे अधिकारियों की संवेदनहीनता के कारण ग्राम रोजगार सेवक भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार नए-नए आदेश जारी किए जा रहे हैं, लेकिन वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है। मंडल प्रभारी सुरेश एवं जिला मंत्री रोहित यादव ने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते प्रदेश के कई ग्राम रोजगार सेवकों की स्थिति दयनीय हो चुकी है, लेकिन शासन स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिहारी चौबे ने चेतावनी दी कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर सतीश चौबे, उमेश कुमार, सुलेन्द्र कुमार, श्याम मोहन पाण्डेय, प्रेमचन्द्र गौतम, रामानंद, सुरेश प्रसाद, बाबूलाल, रामसजीवन, विनोद कुमार, सूरज प्रसाद, जुनैद अंसारी, अमरपतिराम, जिलाजित यादव सहित अन्य ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









